छठ पारण के दिन सुबह 7 बजे से शुरू होगी जलापूर्ति, नगर निगम ने जारी किया समय-सारिणी
व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर जलापूर्ति के समय में बदलाव, अलग-अलग जलमीनारों से निर्धारित समय पर होगी पानी की सप्लाई
मेदिनीनगर, पलामू। लोक आस्था के महापर्व छठ के पारण के दिन नगरवासियों और छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेदिनीनगर नगर निगम ने जलापूर्ति के समय में बदलाव किया है। नगर आयुक्त के आदेशानुसार नगर निगम द्वारा संचालित जलापूर्ति योजना के तहत प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी विशेष समय-सारिणी निर्धारित की गई है। इसके तहत शहर के विभिन्न इलाकों में सुबह 7 बजे से पानी की आपूर्ति शुरू होगी।
नगर निगम की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार स्टेशन रोड जलमीनार से कांदू मोहल्ला रूट में सुबह 7 बजे, बेलवाटिका रूट में 7:45 बजे, छह मुहान रूट में 8:30 बजे तथा मजिस्ट्रेट रूट में सुबह 9:15 बजे जलापूर्ति की जाएगी।
इसी प्रकार पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय परिसर (बाइपास रोड) स्थित जलमीनार से सूदना रूट में सुबह 8 बजे, आईटीआई रांची रोड परिसर स्थित जलमीनार से 8:15 बजे, बीएन कॉलेज परिसर स्थित जलमीनार से सुबह 8 बजे तथा जिला स्कूल परिसर स्थित जलमीनार से सुबह 8:15 बजे पानी की आपूर्ति होगी।
वहीं, हमीदगंज में सीधे जलापूर्ति सुबह 10 बजे से, बारालोटा जलापूर्ति (चियांकी) से सुबह 8 बजे तथा चैनपुर जलापूर्ति योजना के तहत चैनपुर रूट में सुबह 8 बजे से पानी की सप्लाई शुरू की जाएगी।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि विशेष परिस्थितियों में जलापूर्ति के निर्धारित समय में परिवर्तन भी किया जा सकता है। नगरवासियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार अपनी आवश्यक तैयारी कर लें, ताकि छठ पारण के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो।


.jpg)


