BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जनजातीय गौरव सप्ताह को लेकर भाजपा ने तैयार की व्यापक रणनीति, 18 नवंबर तक होंगे विविध आयोजन


बरकाकाना। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में भव्य तरीके से मनाने को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में झारखंड प्रदेश भाजपा की सोशल मीडिया सह प्रभारी प्रिया करमाली ने पीवीटीजी अस्पताल घुटूवा  में गुरुवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर 11 से 18 नवंबर तक चलने वाले जनजातीय गौरव सप्ताह की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन में देशभर के 239 जनजातीय बहुल जिलों और 568 अनुसूचित जनजाति विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रिया करमाली ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक उलगुलान का नेतृत्व किया था। उनका दिया नारा 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' आज भी जनजातीय समाज को अधिकार और आत्म सम्मान की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा सहित तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, फूलो-झानो, टंट्या भील, रानी दुर्गावती और अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। पीएम जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, आयुष्मान भारत, वन धन केंद्र और वन अधिकार पट्टा जैसी योजनाओं के माध्यम से गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जनजातीय कार्य मंत्रालय के बजट में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य जनजातीय परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर जीवन की सुविधाओं से जोड़ना है।
प्रेसवार्ता में उन्होंने राजनीतिक भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर द्रौपदी मुर्मू का पहुंचना जनजातीय समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत 14 नवंबर को स्मारकों की साफ-सफाई एवं दीपोत्सव, 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं 16 से 18 नवंबर तक युवा संवाद, छात्रावास संपर्क अभियान, स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, प्रदर्शनी, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति एवं वीर गाथाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रिया करमाली ने आम लोगों से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उनके आदर्शों को याद करने और जनजातीय महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला, एसटी मोर्चा जिला अध्यक्ष शंकर करमाली, जिला उपाध्यक्ष रेखा देवी, रमेश करमाली, डॉ. मनोज कुमार अगरिया, विजय सोनकर, कमलेश बेदिया, सतपाल बोहरा, राजेश करमाली सहित बरकाकाना मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।