सड़क पर लापरवाही और संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर : एसडीपीओ
मतकमा चौक पर चला एंटी क्राइम चेकिंग अभियान, त्रुटिपूर्ण वाहनों का कटा चालान
भुरकुंडा। भदानीनगर ओपी क्षेत्र के मतकमा चौक पर शुक्रवार देर शाम ओपी प्रभारी मो अख्तर अली के नेतृत्व में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू राघवेंद्र शर्मा मुख्य रूप से मौजूद थे। अभियान के दौरान मतकमा चौक से गुजरने वाले दोपहिया और चार पहिया वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान कागजात की कमी, बिना हेलमेट, सीटबेल्ट और यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़ी त्रुटियां पाए जाने पर कई वाहनों का चालान काटा गया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी तलाशी ली गई। मौके पर सहायक पुलिस अधीक्षक राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर रोक और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने चालकों को वाहन के सभी वैध कागजात साथ रखने, हेलमेट व सीटबेल्ट का प्रयोग करने और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की हिदायत दी। साथ ही स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान में भदानीनगर पुलिस बल के कई जवान शामिल थे।






