छठ महापर्व को लेकर रेलवे जोड़ा तालाब में तैयारियां तेज, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बरकाकाना। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बरकाकाना और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे जोड़ा तालाब स्थित छठ घाट पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। शुक्रवार को तालाब परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कराई गई। वहीं घाट की साफ-सफाई के साथ मिट्टी भराई और समतलीकरण का कार्य भी पूरा कराया गया। तैयारियों का जायजा लेने पतरातू सीओ मनोज कुमार चौरसिया, रामगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी, वार्ड संख्या 24 की पार्षद प्रतिभा शरण एवं कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन घाट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वार्ड पार्षद प्रतिभा शरण ने बताया कि तालाब में फैली जलकुंभी और गंदगी को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। नगर परिषद के सफाई कर्मियों के साथ अतिरिक्त मजदूरों को लगाकर घाट की सफाई कराई गई है। छठ व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि छठ के दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग की गई है। प्रशासन की ओर से गोताखोरों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। नगर परिषद और स्थानीय जनप्रतिनिधि छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारी में जुटे हैं।इस मौके पर बरकाकाना ओपी प्रभारी रोशन बाड़ा, अशोक पासवान, हरेश राय, मुन्ना पासवान, सन्नी पासवान, विजय प्रजापति, संजय शर्मा सहित कई लोग शामिल थे।


.jpg)


