सीसीएल रजरप्पा में हुआ रावण दहन, सांसद ने रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के पुतलों का किया दहन
भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सत्य, धर्म व मर्यादा के मार्ग पर चलें : चंद्रप्रकाश चौधरी
फोटो01 :
फोटो02 :
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। सीसीएल रजरप्पा कोयलांचल के आवासीय कॉलोनी स्थित स्टेडियम में श्री श्री दुर्गा पूजा समिति की ओर से विजयादशमी के अवसर पर बुधवार देर शाम रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह सांसद एवं राज्य के पूर्व मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी शामिल हुए। विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि विजयादशमी केवल बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह समाज को संदेश देता है कि जब-जब अन्याय, अहंकार और अधर्म बढ़ता है, तब-तब उसका अंत निश्चित होता है। उन्होंने कहा कि सभी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलना चाहिए।
अतिथियों का किया गया स्वागत
इससे पूर्व आयोजन समिति के सचिव गजेंद्र चौधरी, कोषाध्यक्ष आरपी सिंह सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का बुके देकर एवं अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया। इसके बाद सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने रावण, मेघनाथ एवं कुंभकरण के विशाल पुतलों का दहन किया।
आतिशबाजी रही आकर्षण का केंद्र
रावण दहन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। पुतलों के दहन के साथ ही पूरा स्टेडियम जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र मिस्त्री ने किया।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
रावण दहन कार्यक्रम में जिप अध्यक्ष सुधा देवी, जिप सदस्य धनेश्वर महतो, मुखिया किरण कुमारी, सुनीता देवी एवं किशुन राम मुंडा के अलावा चंद्रशेखर चौधरी, डॉ. राजेंद्र कुमार, गोपाल चौधरी, जगदीश महतो, श्रमिक प्रतिनिधि रविंद्र वर्मा, सीडी सिंह, विजय ठाकुर, अनिल प्रसाद, विशाल कुमार, महावीर साव, विकास कुमार, शशिकांत सिंह सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।


.png)



