उदीयमान भगवान भुवन भास्कर को अर्ध्य के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व हुआ संपन्न
उमड़ा आस्था का जनसैलाब, भक्तों ने दिया अटूट विश्वास का परिचय
भुरकुंडा। कोयलांचल भुरकुंडा, भदानीनगर, बासल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व कार्तिक छठ पूजा सोमवार को उदीयमान भगवान भुवन भास्कर को अर्ध्य के साथ संपन्न हुआ। रविवार को छठव्रती पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-सामग्री और फल-फूल सूप-दउरा में सजाकर अपने-अपने घरों से पारंपरिक छठ गीत गाते हुए कोयलांचल के भुरकुंडा नलकारी नदी छठ घाट, रीवर साईड दामोदर नदी, भदानीनगर आईएजी डैम, सौंदा बस्ती तालाब, लादी तालाब, चिकोर पारगढ़ा सहित विभिन्न छठघाटों और जलाशयों तक पहुंचे। इस दौरान विभिन्न जगहों पर छठव्रतियों ने डंडवत होकर भगवान सूर्य को नमन किया। छठघाट में पहुंचकर स्नान-ध्यान एवं पूजा-अर्चना कर छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्ध्य दिया। जबकि सोमवार की अहले सुबह छठव्रती छठघाट पहुंचकर विधिवत उदीयमान भगवान भुवन भास्कर को दूसरा अर्ध्य दिया। तत्पश्चात हवन के बाद छठव्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद श्रद्धालु के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूजा को ले छठ घाट और मार्गों पर आकर्षक विद्युत सज्जा व तोरणद्वार भी बनाया गया था। महापर्व में विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सशस्त्र बल मुस्तैदी से डटी रही।
छठव्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण
छठ के पावन अवसर पर क्षेत्र में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। छठव्रतियों की सुविधा और सहयोग के लिए स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं व विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों द्वारा मुख्य मार्गों पर जगह-जगह सेवा स्टॉल लगाए गए। स्टॉलों के माध्यम से छठव्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच पूजन सामग्रियों का वितरण किया गया। वितरण की गई सामग्रियों में नारियल, विभिन्न प्रकार के मौसमी फल, गन्ना, कच्ची हल्दी, अदरक, दूध, अगरबत्ती और अन्य आवश्यक पूजन सामग्री शामिल थीं। मौके पर आयोजकों ने कहा कि छठ महापर्व स्वच्छता, सादगी और आपसी सहयोग का प्रतीक है। ऐसे पावन पर्व पर व्रतियों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है।


.jpg)


