विधायक ने पतरातू के विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा-व्यवस्थाओं का लिया जायजा
भुरकुंडा। लोक आस्था, सूर्य उपासना एवं छठी मैया की आराधना के महापर्व छठ को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी ने पतरातू प्रखंड अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक ने रसदा, नलकारी छठ घाट भुरकुंडा, रिवरसाइड, इमलीगाछ एवं बरकाकाना स्थित जोड़ा तालाब छठ घाट पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी, पहुंच मार्ग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पूर्व सभी घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने घाटों पर पहुंचते हैं। इसलिए प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखना आवश्यक है। विधायक रोशनलाल चौधरी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित छठ पूजा संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है, इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।


.jpg)


