खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर, लाखों के जेवर और 1.20 लाख रुपये नकद उड़ाए
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। रामगढ़ थाना क्षेत्र के कैथा गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना 12 नवंबर की रात की बताई जा रही है। मामले में गृहस्वामी देवलाल महतो ने शुक्रवार को रामगढ़ थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
खिड़की तोड़कर घर में किया प्रवेश
देवलाल महतो ने पुलिस को बताया कि 12 नवंबर की रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने घर के पीछे की खिड़की तोड़ दी और अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद चोरों ने कमरों में रखे सामान को खंगालते हुए कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर ली।
सुबह बिखरा मिला सामान, गायब थे जेवरात
सुबह जब घर के लोगों की नींद खुली तो कमरे में सामान बिखरा देखकर वे हैरान रह गए। जांच करने पर एक मंगलसूत्र, सोने की चेन, झुमका, पायल, कंगन, चांदी की चूड़ी समेत अन्य जेवरात गायब मिले। इसके अलावा घर में रखे 1.20 लाख रुपये नकद भी चोर लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद गृहस्वामी ने रामगढ़ थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। चोरों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


.jpg)


