पूर्वी सिंहभूम, 18 नवंबर ।
झारखंड अलग राज्य आंदोलनरी सह पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा पर मंगलवार रात बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में चल रहे टाटा स्टील के ‘संवाद’ कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाओं के जरिए हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
घटना के बाद घायल सूर्य सिंह बेसरा को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया गया कि सूर्य सिंह बेसरा मंगलवार रात संवाद कार्यक्रम देखने के लिए गोपाल मैदान पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि महिलाओं ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और बाल पकड़कर भी हमला किया। अचानक हुई घटना से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर सूर्य सिंह बेसरा को महिलाओं से बचाया और वहां से बाहर निकाला।
घटना में घायल सूर्य सिंह बेसरा को बाद में टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
इधर, घटना के बाद महिलाओं का एक समूह बिष्टुपुर थाना पहुंचा और सूर्य सिंह बेसरा के खिलाफ शिकायत किए जाने की जानकारी है।
हमले की वजह को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। सूर्य सिंह बेसरा ने भी कहा कि उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि उन पर हमला किसने और किस कारण से कराया।
उन्होंने घटना को लेकर अनभिज्ञता जताई। पुलिस की शिकायत और पूरे मामले की जांच के बाद ही हमले की वास्तविक वजह सामने आने की संभावना है।
संवाद कार्यक्रम में पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा पर महिलाओं का हमला, दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का आरोप


.jpg)


