सीएसपी संचालक से लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार व नगदी बरामद
पलामू: जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक से हुई लूट की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे ग्राम हुटार में CSP संचालक शमा प्रवीण एवं उनके पति से अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब तीन लाख रुपये नकद, लैपटॉप व अन्य सामान लूट लिया था। घटना के बाद रामगढ़ थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर हुटार स्थित कोयल नदी पुल के पास छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे तीन संदिग्धों में से दो को खदेड़कर पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्लिम अंसारी (23 वर्ष), निवासी हुटार तथा आकाश कुमार (19 वर्ष), निवासी बारालोटा, मेदिनीनगर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, दो मोबाइल फोन तथा 10,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
रामगढ़ थाना पुलिस द्वारा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही लूटे गए शेष सामान की बरामदगी हेतु भी प्रयास जारी है





