BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

स्कूली बच्चों से भरे सीएनजी ऑटो में लगी आग


पूर्वी सिंहभूम, 18 नवंबर । बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल के गोलचक्कर के समीप बुधवार सुबह स्कूल जा रहे बच्चों से भरे सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई। ऑटो से तेज लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना के दौरान ऑटो चालक ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

बताया गया कि ऑटो चालक बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रहा था। जैसे ही ऑटो पुल गोलचक्कर के पास पहुंचा, उसमें अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी और ऑटो धू-धूकर जलने लगा। आग की लपटें देखकर ऑटो में सवार बच्चों में चीख-पुकार और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, समय रहते बच्चों को ऑटो से बाहर निकाल लिया गया।

आग की चपेट में आने से बच्चों के स्कूल बैग समेत ऑटो में रखा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना में किसी बच्चे के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में राहगीर और स्थानीय लोग जुट गए। इस दौरान कुछ देर के लिए सड़क पर भी अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।