18 घंटे से राजधानी में बिजली नही , अधिकारी नहीं रिसिव कर रहे फोन
विशेष संवाददाता
रांची : झारखंड की राजधानी में बारिश ने तो हाय तौबा मचा ही रखा है. आधी रात से बिजली भी गायब है. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड की तरफ से पूरी राजधानी में बिजली की कटौती कर दी गयी है. निगम का कोई भी अधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं. सब स्टेशन का कर्मी , जूनियर इंजीनियर, एसडीओ, कार्यपालक अभियंता ने अपने फोन को आउट ऑफ रीच कर दिया है.
पिछले 18 घंटे से बिजली की कटौती की गयी है. शुक्रवार की सुबह यह बताया गया कि तेज हवा की वजह से सब स्टेशन की बिजली फीडर से बाधित कर दी गयी है. इस संबंध में महा प्रबंधक मनमोहन कुमार ने बताया की सुबह 11 बजे से 33 हजार केवीए का लाइन चालू कर दिया गया है. बेहतर होगा अपने एरिया के एसडीओ से बात करें. सब कुछ टाल मटोल के भरोसे चल रहा है.
बहर हाल बारिश और हवा से राजधानी के 23 लाख की आबादी अंधेरे में हैं. बारिश की वजह से काटी गयी बिजली की वजह से घरों में पीने के पानी की भी आफत हो गयी है. लोग अपनी टंकी नहीं भर पा रहे हैं. उधर बिजली नहीं रहने से दिनचर्या भी गड़बड़ा गयी है.
कई बड़े इलाकों की बिजली गुल
बीती रात से समूचा हिनू इलाका, रातू रोड, सुखदेव नगर, इन्द्रपुरी, बिरसा चौक , डोरंडा, हाई कोर्ट कालोनी, पीएचईडी कालोनी, मेकोन, हरमू व अन्य ज़गहों की बिजली कटी हुई है. कई घरों के इनवर्टर भी बिजली नहीं रहने से बैठ गये. लोगों को एक बार फिर मोमबत्ति का सहारा लेना पड़ा.
पोखरटोली में बिजली का तार टूटा, फाल्ट खोजने में दिन भर बीता दिया JBVNL की टीम ने
पोखरटोली में बिजली का तार टूटने के फाल्ट को खोजने में दिन भर बीता दिया JBVNL की टीम ने. इसकी वजह से पूरा हिनू इलाका अंधेरे में रहा. इस लाइन से बिजली पीएचईडी फीडर से होते हुए न्यू साकेत नगर, साकेत नगर, मनी टोला, फिरदौस नगर, पीएचईडी कोलोनी, और आसपास के इलाके में दी जाती है. साकेत नगर को छोड अन्य किसी मुहल्ले में खबर लिखे जाने तक बिजली नहीं दी गयी है. बिजली निगम के लोग दिन भर कहते रहे की पेड़ की डाली नगर निगम वाले काटेंगे , नगर निगम वाले बोलते रहे हमारे पास तीन ही गाड़ी है, ज़िससे डाली काटी जाती है. शाम पांच बजे तक बिजली तार को ठीक नहीं किया गया था और न ही पेड़ की डाली हटायी गयी थी.






