BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

छतरपुर में छठ पूजा की तैयारियां तेज, नगर पंचायत की पूरी टीम ने सभी घाटों का किया निरीक्षण


नगर अध्यक्ष ने अधिकारियों एवं कर्मियों को दिए तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, कहा- छठव्रतियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

छतरपुर (पलामू) :  लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर छतरपुर नगर पंचायत में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर पंचायत की पूरी टीम ने नगर क्षेत्र के सभी छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, शौचालय, चेंजिंग रूम तथा आवागमन की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।

निरीक्षण में नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव, कार्यपालक पदाधिकारी फैजूर रहमान अंसारी, नगर प्रबंधक मुर्तजा अंसारी सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद एवं प्रतिनिधि शामिल रहे। टीम ने एक-एक कर सभी छठ घाटों का निरीक्षण किया और जहां भी व्यवस्था में कमी पाई गई, वहां तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।

नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों, नगर प्रबंधक एवं सफाई सुपरवाइजरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी घाटों की व्यवस्था हर हाल में दुरुस्त कर ली जाए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर छतरपुर आने वाले श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। नगर पंचायत की प्राथमिकता है कि प्रत्येक घाट पर स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों।

उन्होंने कहा कि घाटों की साफ-सफाई के साथ-साथ नदी एवं तालाबों में पर्याप्त जलस्तर बनाए रखने, श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन तथा भीड़ प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी वार्ड पार्षदों एवं संबंधित कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि छोटी से छोटी कमी को भी समय रहते दूर किया जा सके।

नगर पंचायत उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव ने कहा कि सभी वार्ड पार्षद अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों की नियमित निगरानी करेंगे। सामूहिक प्रयास से समय रहते सभी तैयारियां पूरी की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी फैजूर रहमान अंसारी ने बताया कि छठ घाटों पर अस्थायी शौचालय, पेयजल टैंकर और कचरा उठाव के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। पर्व के दौरान नगर पंचायत के कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

घाट निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद मोहम्मद हसीमुद्दीन अंसारी (वार्ड संख्या-9), उमेश कुमार यादव (वार्ड संख्या-16), अब्दुल जलील अंसारी (वार्ड संख्या-6), पार्षद एवं प्रतिनिधि रवि राज, सेवक यादव, रॉकी कुमार, रामप्रसाद, धीरज कुमार, शिव कुमार तथा लेखापाल सूरज कुमार पासवान सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के अंत में नगर पंचायत की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे छठ घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, प्लास्टिक का उपयोग करने से बचें तथा पूजा के बाद पूजन सामग्री एवं अन्य कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें।