रांची के न्यूरोसर्जन डॉ. नारायण का अमेरिका के प्रतिष्ठित बारो न्यूरोलॉजिकल इंस्टीट्यूट में चयन
रांची। झारखंड के चिकित्सा जगत के लिए गर्व की बात है कि रांची में कार्यरत युवा न्यूरोसर्जन डॉ. नारायण का अमेरिका के प्रतिष्ठित Barrow Neurological Institute, Arizona, USA में एक माह के न्यूरोसर्जरी ऑब्जर्वरशिप कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। यह कार्यक्रम अप्रैल 2027 में आयोजित होगा।
बारो न्यूरोलॉजिकल इंस्टीट्यूट विश्व के अग्रणी न्यूरोसाइंस एवं न्यूरोसर्जरी संस्थानों में गिना जाता है। यह संस्थान ब्रेन और स्पाइन सर्जरी, जटिल न्यूरोसर्जिकल प्रक्रियाओं तथा आधुनिक न्यूरोलॉजिकल उपचार के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है।
इस ऑब्जर्वरशिप के दौरान डॉ. नारायण को विश्वस्तरीय न्यूरोसर्जरी विशेषज्ञों के कार्यों को करीब से देखने, आधुनिक सर्जिकल तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने तथा अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ शैक्षणिक अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।
डॉ. नारायण ने MBBS, MS (गोल्ड मेडलिस्ट), MCh (गोल्ड मेडलिस्ट), MRCS एवं FIAGES की उपाधियां प्राप्त की हैं। वे वर्तमान में रांची, झारखंड में कंसल्टेंट न्यूरोसर्जन के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इस उपलब्धि पर डॉ. नारायण ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण एवं विशेषज्ञों के अनुभव से सीखने का यह अवसर उनके व्यावसायिक जीवन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे प्राप्त ज्ञान और अनुभव का लाभ भविष्य में झारखंड के मरीजों को बेहतर ब्रेन एवं स्पाइन उपचार उपलब्ध कराने में मिलेगा।
डॉ. नारायण का यह चयन न केवल उनके व्यक्तिगत चिकित्सकीय करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि झारखंड के युवा चिकित्सकों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड की चिकित्सा प्रतिभा की यह उपलब्धि राज्य के लिए गौरव का विषय है।


.jpg)


