BREAKING NEWS

logo

बहरागोड़ा में फिर मिला संदिग्ध सिलेंडरनुमा बम, दहशत


पूर्वी सिंहभूम, 16 अप्रैल ।

पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड में एक बार फिर संदिग्ध विस्फोटक जैसी वस्तु मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बरागाड़िया पंचायत के पानीपाड़ा गांव में बुधवार देर रात स्वर्णरेखा नदी के किनारे ग्रामीणों की नजर एक सिलेंडरनुमा वस्तु पर पड़ी, जिसके बाद पूरे गांव में भय का माहौल बन गया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और कुछ ग्रामीणों ने उस वस्तु को नदी से बाहर निकाल लिया।



हालांकि बाद में स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस दल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में सतर्कता बरतते हुए बम निरोधक दस्ते को भी सूचित किया है, ताकि तकनीकी जांच के बाद वस्तु की प्रकृति स्पष्ट हो सके।



पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि बरामद वस्तु विस्फोटक है या नहीं। विशेषज्ञों की टीम की ओर से जांच के बाद ही अंतिम रूप से स्थिति साफ हो पाएगी। एहतियातन आसपास के इलाके में सर्च अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि किसी अन्य संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी की संभावना को खारिज किया जा सके।



गौरतलब है कि बहरागोड़ा क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं हाल के दिनों में लगातार सामने आ रही हैं। 17 मार्च को भी पानीपाड़ा गांव के समीप नदी किनारे एक संदिग्ध बम मिला था, जबकि 24 मार्च को द्वितीय विश्व युद्ध काल का एक अमेरिकी बम बरामद हुआ था। उस दौरान सेना और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया था। इन घटनाओं के बाद से ही इलाके को संवेदनशील मानते हुए प्रशासन की ओर से निगरानी बढ़ाई गई थी।



लगातार मिल रही संदिग्ध वस्तुओं ने स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी किनारे पुराने विस्फोटक या युद्धकालीन सामग्री होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से इस पूरे क्षेत्र की वैज्ञानिक तरीके से गहन जांच कराने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।



इधर, पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर उसे छूने या उसके पास जाने से बचें और तुरंत इसकी सूचना नजदीकी थाना या प्रशासन को दें। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।