बिष्टुपुर पोस्ट ऑफिस के पास शुक्रवार सुबह ठेला पर सोए एक अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिस ने बरामद किया है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के संबंध में स्थानीय दुकानदार बबन यादव ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष के आसपास थी और वह पिछले करीब दस वर्षों से इलाके में कचरा चुनकर अपना गुजारा करता था। वह अक्सर आसपास की दुकानों के बाहर रात में सो जाया करता था।
बताया जाता है कि पास में लिट्टी बेचने वाले शुक्ला जी का ठेला करीब एक वर्ष से बंद पड़ा है। मृत व्यक्ति उसी ठेला पर रात के समय सोया करता था। शुक्रवार की सुबह जब आसपास के लोगों ने उसे देखा तो वह अचेत अवस्था में पड़ा था। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक संभवतः ओडिशा का रहने वाला था, हालांकि उसकी सही पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।






