बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर अपने बदले हुए लुक और आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। उनकी वेब सीरीज ‘फेमिली बिजनेस’ की रिलीज अभी बाकी है, लेकिन इसी बीच उनके फैंस के लिए एक और बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनिल कपूर 2026 में अपनी पहली ओटीटी फिल्म ‘सूबेदार’ के जरिए दर्शकों से रूबरू होंगे। इस एक्शन-ड्रामा फिल्म का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है और इसे अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जाएगा। जानकारी के अनुसार फिल्म की शूटिंग 2025 की शुरुआत में पूरी हो चुकी थी और अब इसे मार्च की शुरुआत में रिलीज करने की तैयारी है। फिल्म में अनिल कपूर एक सेवानिवृत्त सेना अधिकारी की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जो अपने परिवार पर हुए हमले के बाद संघर्ष और एक्शन की राह अपनाता है। फिल्म में राधिका मदान भी अहम किरदार निभा रही हैं। इसमें एक्शन, ड्रामा और पिता-बेटी के भावनात्मक रिश्ते को प्रमुखता से दिखाया गया है। अभिनय के साथ-साथ अनिल कपूर इस फिल्म के सह-निर्माता भी हैं। फिल्म में दमदार एक्शन सीक्वेंस के साथ इमोशनल पहलू भी शामिल हैं, जो दर्शकों को रोमांच और भावनाओं का संतुलित अनुभव देने का प्रयास करेंगे।


