BREAKING NEWS

logo

जिले में बकरीद ईदगाहों में उमड़े नमाजी



किशनगंज,। जिले में मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा त्याग और बलिदान का पर्व ईद उल अजहा यानी बकरीद का पहला दिन आज ईदगाहों में सुबह-सुबह नमाज के साथ शुरू हो गया। इस दौरान लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। इस्लाम धर्म के कुर्बानी के त्योहार ईद उल अजहा यानी बकरीद को आज सोमवार को पूरे देश भर में बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। जिले के ईदगाह में बड़ी तादाद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ बकरीद की नमाज पढ़ी।

दरअसल, अहले सुबह से तैयार होने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग ईदगाहों में पहुंचे और नमाज अदा की। उसके बाद एक दूसरे से गले मिलकर ईद उल अजहा त्योहार की बधाई दी। इस दौरान बच्चे, युवा और बुजुर्गों में खासा उत्साह दिखा। वहीं, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का भी पुख्ता इंतजाम रहा है। एसपी, डीएसपी, थानाध्यक्ष सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे हैं।

नमाज के बाद पैगंबर हजरत इब्राहिम और पैगंबर हजरत इस्माइल की असीम कुर्बानी को याद करते हुए बकरा और अन्य पशु की कुर्बानी दी गई। ऐसा माना जाता है कि कुर्बानी पर्व बकरीद पैगंबर हजरत इब्राहिम एवं पैगंबर हजरत इस्माइल की कुर्बानी की याद में यह पर्व मनाया जाता है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए गए है। एसपी सागर कुमार ने बताया कि जिले में दंडाधिकारी सहित पुलिस बल तैनात है।

कोचाधामन प्रखंड में 17 स्थानों में, बहादुरगंज प्रखंड में 25, दिघलबैंक प्रखंड में 40, ठाकुरगंज में 28, पोठिया प्रखंड में 32, टेढ़ागाछ प्रखंड में 13 जगहों पर पुलिस की प्रतिनियुक्ति की गई हैं। साथ ही किशनगंज प्रखंड में 10 सुरक्षित दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति है। इसी के साथ आपदा कार्यालय में कंट्रोल रूप बनाया गया है। नगर पंचायत ठाकुरगंज के ईदगाह में हजारों नमाजियों की भीड़ उमड़ी है। सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम है।