पलामू । पलामू जिले के पांकी और हुसैनाबाद में पिछले 24 घंटे के दौरान दो अलग-अलग दुर्घटना हुई है, जिसमें एक मासूम बच्चे
सहित दो की मौत है। पांकी में हुई दुर्घटना के बाद शुक्रवार सुबह सड़क जाम कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद पांकी के भाजपा विधायक शशि भूषण मेहता, पांकी के अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाया। सड़क जाम करीब दो घंटे तक रहा।
हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दुल्हर गांव में शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दुल्हर गांव निवासी रवीन्द्र राम का पुत्र मयानंद राम सुबह करीब 8 बजे आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने जा रहा था। इसी दौरान एक स्कूली बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पांकी के कोनवाई बस स्टैंड में ट्रैक्टर और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में अभिजीत कुमार (20) गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें तत्काल डालटनगंज से रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन इलाज के क्रम में गुरुवार देर रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद शुक्रवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने पांकी- मेदिनीनगर मुख्य सड़क को जाम कर दिया था। अभिजीत स्वर्गीय संतू सिंह का इकलौता पुत्र था। अभिजीत चतरा के हंटरगंज बहेरी का रहने वाला था।