BREAKING NEWS

logo

ज्ञान, नवाचार और कौशल विकास का जीवंत संगम है प्रदर्शनी: राज्यपाल


रांची, । राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि ज्ञान, नवाचार, कौशल विकास और आधुनिकता का जीवंत संगम है। जो युवाओं, शोधकर्ताओं, उद्यमियों और नीति-निर्माताओं को एक सूत्र में जोड़ने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस एक्सपो में कौशल विकास, कृषि, विज्ञान-प्रौद्योगिकी, हस्तशिल्प, पर्यटन, ऊर्जा, स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है, जो नए भारत की प्रगति की दिशा तय कर रहे हैं।

राज्यपाल गुरुवार को सरला बिरला विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित मेगा प्रदर्शनी “स्वर्णिम भारत एक्सपो के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।

उन्होंने विशेष रूप से इस तथ्य की सराहना किया कि इस प्रदर्शनी में डीआरडीओ, इसरो, सीएसआईआर और आईसीएमआर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों सहित विभिन्न विभाग और संगठन अपनी उपलब्धियां और नवाचार प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह भारत की वैज्ञानिक और शोध क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन है। उन्होंने अंतरिक्ष अनुसंधान में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि चंद्रयान-3 और सूर्य मिशन आदित्य एल-1 ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के योगदान की भी सराहना की और उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणा-पुंज बताया।

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के “स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत” के मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक्सपो “वोकल फॉर लोकल” की भावना को आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 में युवाओं एवं शिक्षण संस्थानों की अहम भूमिका है। झारखंड की भूमि अपनी प्राकृतिक संपदा, सांस्कृतिक धरोहर और परिश्रमी मानव संसाधन के कारण राष्ट्र के विकास में निरंतर योगदान देती रहेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह एक्सपो युवाओं को रचनात्मकता, नवाचार और राष्ट्र-निर्माण की दिशा में प्रेरित करेगा।

राज्यपाल ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और आगंतुकों को बधाई देते हुए स्वर्णिम भारत और समृद्ध झारखंड के निर्माण के लिए सभी को निष्ठा और संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया।