BREAKING NEWS

logo

मां दुर्गा को दी गई भावभीनी विदाई, श्रद्धा और आंसुओं के साथ हुआ प्रतिमाओं का विसर्जन


पूर्वी सिंहभूम,  

“आमि एबार एशो मा” के साथ शुरू हुआ मां दुर्गा को दी भावभीनी विदाई, श्रद्धा और आंसुओं के साथ हुआ प्रतिमाओं का शुरू हुआ विसर्जन

जमशेदपुर। विजयादशमी के पावन अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत विभिन्न विसर्जन घाटों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा, भक्ति और आंसुओं के साथ किया जा रहा है। चार दिनों तक चले भक्ति उत्सव, पूजा-अर्चना और आराधना के बाद अब माता रानी को विदा करने का भावुक क्षण आ गया। “आमि एबार एशो मां” के जयघोष के साथ भक्तों ने मां दुर्गा से अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।

सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ विसर्जन घाटों की ओर उमड़ पड़ी। डीजे की भक्ति धुनों और ढाक की ताल पर भक्त झूमते हुए मां की प्रतिमा को लेकर घाट की ओर बढ़ते रहे। हर भक्त के चेहरे पर एक ओर मां के दर्शन की तृप्ति थी तो दूसरी ओर विदाई की वेदना। “अगले बरस तो जल्दी आना मां” कहते हुए श्रद्धालु आंखों में आंसू लिए माता को विदा कर रहे थे।

विसर्जन स्थल पर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई है। हर प्रमुख घाट पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल तैनात हैं।

एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर मौजूद है, जो जलसुरक्षा और बचाव के कार्यों पर नजर रखे हुए है। प्रशासनिक नियंत्रण में प्रतिमा विसर्जन का कार्य पूरी श्रद्धा और शांति के साथ संपन्न हो रहा है।

गुरुवार की सुबह से ही विभिन्न पूजा समितियों द्वारा क्रमवार प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। भक्तों ने मां दुर्गा से अपने परिवार, समाज और राज्य की समृद्धि की कामना की। पूरा वातावरण “जय मां दुर्गा” और “बोलो दुर्गा माई की जय” के जयघोष से गूंज उठा।

मां दुर्गा की विदाई के इस क्षण ने हर भक्त के हृदय को भावनाओं से भर दिया। विदाई के साथ ही सबकी जुबान पर एक ही बात थी — “मां, अगले वर्ष फिर अवश्य आना।”