हिसार,। हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबंधित हरियाणा सेवानिवृत
कर्मचारी संगठन ने लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ मतदान करने का ऐलान
किया है। कारण बताया गया है कि न तो सरकार कर्मचारियों की मांगों व
समस्याओं पर ध्यान दे रही और न ही रिटायर्ड कर्मचारियों की। इस संबंध में
संगठन की बैठक मंगलवार को बस स्टेंड परिसर स्थित रोडवेज कर्मचारी यूनियन
कार्यालय में सेवानिवृत तहसीलदार नरेश गोयल की अध्यक्षता में हुई।
महेन्द्र
सिंह स्याहड़वा के संचालन में हुई बैठक में सेवानिवृत कर्मचारियों की
मांगों को लेकर सरकार की उदासीनता और लोकसभा चुनाव सेवानिवृत कर्मचारियों
की भूमिका बारे चर्चा की गई। बैठक में लिए गए निर्णयों की रिटायर्ड
कर्मचारी ज्वाइंट एक्शन कमेटी के मंडल कन्वीनर राजपाल नैन ने कहा कि
हरियाणा सरकार रिटायर्ड कर्मचारियों की मांगों की लगातार उपेक्षा कर रही
है, जिसके चलते रिटायर्ड कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि
सरकार वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनर्ज को सुविधाएं देने का ढिंढोरा पिटती है
लेकिन हकीकत में कुछ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की उदासीनता को
देखते हुए बैठक में निर्णय लिया गया है कि रिटायर्ड कर्मचारी लोकसभा चुनाव
में भाजपा का विरोध करेंगे और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को वोट देकर अपना
रोष प्रकट करेंगे।
ज्वाइंट एक्शन कमेटी के मंडल कन्वीनर
राजपाल नैन ने सेवानिवृत कर्मचारियों की मांगों का जिक्र किया। उन्होंने
बताया कि हिसार शहर, हांसी, बरवाला, मंडी आदमपुर व नारनौंद सहित जिला के
सभी बड़े गांवों में रिटायर्ड कर्मचारियों से मिलकर मौजूदा सरकार की
नीतियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। बैठक में सेवानिवृत महाप्रबंधक
उदयवीर दूहन, पुलिस संगठन के राज्य प्रधान महेंद्र सिंह स्याहड़वा, एमएल
सहगल, बलबीर देशवाल, हेडमास्टर राजेन्द्र नैन, महेंद्र गोयत, रूप सिंह बोस,
सतीश चौहान, मनोज श्रीवास्तव पवन वधवा आदि ने भी संबोधित किया।