कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सांसद और
क्रिकेट विश्व कप विजेता कीर्ति आजाद की पत्नी पूनम झा आजाद के निधन पर
गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक पोस्ट के
माध्यम से पूनम झा आजाद के निधन पर संवेदना प्रकट की।
ममता बनर्जी
ने ट्वीट करते हुए लिखा, "यह जानकर दुख हुआ कि हमारे सांसद और विश्व कप
विजेता क्रिकेटर कीर्ति आजाद की पत्नी पूनम झा आजाद का निधन हो गया है। मैं
पूनम को लंबे समय से जानती हूं और यह भी जानती थी कि वह पिछले कुछ वर्षों
से गंभीर रूप से बीमार थीं। कीर्ति और अन्य परिवार के सदस्यों ने उनकी
अंतिम लड़ाई में पूरी कोशिश की और हमेशा उनके साथ खड़े रहे। मेरी संवेदनाएं
कीर्ति और अन्य परिवार के सदस्यों के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।"
उल्लेखनीय
है कि पूनम झा आजाद का जन्म एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार में हुआ था और
वे खुद भी एक सक्रिय राजनीतिज्ञ थीं। उन्होंने दिल्ली की राजनीति में एक
महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आम आदमी पार्टी की सदस्य के रूप में सक्रिय
रहीं। 2017 में, पूनम ने आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस पार्टी में शामिल
होने का निर्णय लिया था। इसके बाद वे दिल्ली की राजनीति में कांग्रेस का
चेहरा बनीं और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की।
पूनम
झा आजाद पिछले कुछ वर्षों से गंभीर रूप से बीमार चल रही थीं। कीर्ति आजाद
और उनके परिवार के अन्य सदस्य उनके इलाज और देखभाल में पूरी तरह से जुटे
रहे। पूनम के निधन की खबर सुनकर राजनीतिक और खेल जगत में शोक की लहर दौड़
गई है।