मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज थाना इलाके से मालदह जिले के वैष्णवनगर जाते समय गंगा नदी में एक मछली पकड़ने वाली नाव पलट गई जिसमें नाविक समेत 14 लोग गंगा नदी ने गिर गए। घटना गुरुवार देर रात मुर्शिदाबाद के धुलियान कलाबागान घाट और मालदह जिले के परलालपुर घाट के बीच हुई।
शमशेरगंज थाना सूत्रों के अनुसार, गुरुवार रात करीब एक बजे बांकुड़ा जिले के कुछ प्रवासी मजदूर काम खत्म कर मालदह जिले में अपने घर लौट रहे थे। देर रात जब वे मुर्शिदाबाद के धुलियान नगर पालिका क्षेत्र के फेरी घाट पर पहुंचे तो अंधेरे के कारण प्रशासन के आदेश पर नाव यातायात रोक दिया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मजदूरों को मालदह जिले में पहुंचाने के लिए उन्होंने कुछ स्थानीय मछुआरों से समझौता किया और अधिक पैसे देकर रात के अंधेरे में मालदह जिले के वैष्णवनगर थाने की ओर एक छोटी मछली पकड़ने वाली नाव में रवाना हुए।
सूत्रों के अनुसार, मालदह जिले के 12 मजदूरों ने 800 रुपये में मछली पकड़ने वाली नाव किराए पर ली थी। छोटी नाव में दो नाविकों समेत कुल 14 यात्री सवार थे। दूसरी ओर, शमशेरगंज थाने की पुलिस ने रात के अंधेरे में प्रशासनिक अनुमति के बिना मछली पकड़ने वाली नाव में अवैध रूप से यात्रियों को ले जाने के आरोप में धुलियान नगरपालिका क्षेत्र निवासी दो नाविकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
हालांकि सभी को बचा लिया गया, लेकिन वैष्णवनगर थाना इलाके के बाखराबाद निवासी जहांगीर शेख (35) का शुक्रवार दोपहर तक पता नहीं चल सका था। शुक्रवार सुबह से ही मुर्शिदाबाद और मालदह जिले की पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के गोताखोर उनकी तलाश में नदी में छानबीन कर रहे हैं।
आधी रात के करीब जब नाव मालदा जिले के वैष्णवनगर थाने के परलालपुर घाट के पास थी, तो नदी के तेज बहाव और यात्रियों की अधिक संख्या के कारण वह नियंत्रण खोकर पलट गई। घटना की खबर पाकर वैष्णवनगर और शमशेरगंज थाने की पुलिस और बीएसएफ गुरुवार रात को ही इलाके में पहुंच गई। उन्होंने ही सबसे पहले बचाव अभियान शुरू किया।