चतरा, 19 फरवरी को तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। महोत्सव में सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर, मशहूर गायक अल्ताफ राजा और भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी सहित कई नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुति से समा बांधेंगे।
कई राज्यों से आमंत्रित कलाकार और स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव में फैशन शो और थिएटर की विशेष व्यवस्था की गई है। जहां फिल्म का प्रकाशन भी किया जाएगा। महोत्सव में 500 ड्रोन के माध्यम से भव्य ड्रोन शो का आयोजन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
19 एवं 20 फरवरी को बक्सा डैम में प्रातः 09 बजे से शाम 05 बजे तक इटखोरी एडवेंचर स्पोर्ट्स फेस्ट 2026 के तहत 08 प्रकार की वाटर एक्टिविटी आयोजित की जाएंगी। इनमें बनाना राइड, डिस्को और रिंगो राइड, कायाकिंग, वेक-बोर्डिंग, जेट स्की आदि शामिल हैं। वहीं लक्षनपुर स्थित भेड़ी फॉर्म डैम के समीप पैरा-सेलिंग, ऑल-रोड बाइकिंग और मंदिर रोड इटखोरी में वॉल क्लाइम्बिंग, रैपलिंग एवं रोप कोर्स जैसी एडवेंचर गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 21 फरवरी को मां भद्रकाली मंदिर परिसर स्थित मुहाने नदी तट पर भव्य गंगा आरती आयोजित की जाएगी।
महोत्सव की भव्य और सफल तैयारी को लेकर उपायुक्त कीर्तिश्री ने जिले के वरीय अधिकारियों उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बन रहे मंच, हेलिपैड स्थल, मंदिर परिसर में रंग-रोगन, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद मुहाने नदी तट और बक्सा डैम का निरीक्षण कर वाटर एक्टिविटी, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, टोकन काउंटर स्थापना, बैरिकेडिंग, पार्किंग एवं पहुंच पथ की मरम्मत को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
इटखोरी महोत्सव में कैलाश खेर सहित कई कलाकार देंगे प्रस्तुति





