मुख्यमंत्री ने संजय गांधी जैविक उद्यान का किया भ्रमण, अधिकारियों को दिये निर्देश
पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को यहां संजय
गांधी जैविक उद्यान का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान वहां उपस्थित लोगों ने
खुशी व्यक्त करते हुये मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ
हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और मुस्कुराते हुये उनका हालचाल
जाना।
संजय
गांधी जैविक उद्यान (पटना चिड़ियाघर) पूरे देश का एक महत्वपूर्ण जैविक
उद्यान और चिड़ियाघर है जो पटना के नेहरू पथ पर स्थित है। इसका कुल
क्षेत्रफल 153 एकड़ है। यह स्थान वन्य जीव संरक्षण, शोध तथा शिक्षण का
केन्द्र है जहां बच्चे एवं आगंतुक वन्य जीव व्यवहार तथा विभिन्न प्रकार के
पौधों, जीव-जंतुओं के बारे में जानकारी हासिल करते हैं। बड़ी सख्या में
प्रतिदिन लोग भ्रमण के लिए आते हैं। एक वर्ष में लगभग 23 लाख से अधिक
पर्यटक पटना चिड़ियाघर में घूमने आते हैं जिसमें स्कूली छात्र/छात्राओं की
संख्या अधिक रहती है।
पटना चिड़ियाघर में 93 से अधिक प्रजातियों के 1122
वन्य जीव रहते हैं जिनमें गैंडा, घड़ियाल, जिराफ, जेबरा, बाघ, हिरण, बंदर
आदि शामिल हैं। वर्तमान में यहां 10 गैंडा, 200 से अधिक घड़ियाल एवं 6
जिराफ भी हैं। यहां बोटैनिकल गार्डन, मछलीघर, झील में नौकायान, प्रेक्षागृह
आदि भी उपलब्ध है जो स्कूली बच्चों एवं बच्चियों के बीच काफी लोकप्रिय है।
यहां 80 प्रतिशत से अधिक भाग में पेड-पौधे लगाये गये हैं। हाल में ही
राज्य कैबिनेट से पटना चिड़ियाघर के बेहतर प्रबंधन के लिए सोसायटी का भी
गठन किया गया है।





