भागलपुर, 24 मार्च । जिले भर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को जिले के पीरपैंती में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर चला। पीरपैंती नगर पंचायत क्षेत्र में वर्षों से जड़ जमा चुके अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया।
शेरमारी बाजार से लेकर हॉस्पिटल मोड़ तक बुलडोजर चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान दर्जनों अस्थायी और स्थायी दुकानें, ठेला-खोमचा और कुछ मकान भी कार्रवाई की जद में आ गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस इलाके में कई वर्षों से अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा था। सड़क के दोनों किनारों पर दुकानें फैलने और अवैध निर्माण के कारण मुख्य मार्ग काफी संकरा हो गया था। इसके चलते रोजाना लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता था। खासकर सुबह और शाम के समय स्थिति और भी खराब हो जाती थी। जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा था। स्कूली बच्चों, मरीजों और कार्यालय जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी पूनम कुमारी ने बताया कि प्रशासन को लगातार जाम और अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। कई बार पूर्व में चेतावनी देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अभियान के दौरान नोडल पदाधिकारी के रूप में शिक्षा पदाधिकारी नीलेश कुमार मौजूद रहे। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीरपैंती थाना की पुलिस बल को तैनात किया गया था, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे और दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






