भागलपुर, 24 मार्च। मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में रेलवे सुरक्षा बल मालदा मंडल द्वारा रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा यात्रियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निगरानी एवं विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आशीम कुमार कुल्लू मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ मालदा के पर्यवेक्षण में आरपीएफ पोस्ट भागलपुर द्वारा स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में प्रतिबंधित एवं अवैध वस्तुओं के विरुद्ध एक विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में जब ट्रेन संख्या 53415 साहिबगंज–जमालपुर पैसेंजर प्लेटफॉर्म संख्या 05 पर पहुंची, तब आरपीएफ कर्मियों ने फुट ओवर ब्रिज के नीचे संदिग्ध स्थिति में रखे दो लावारिस ट्रॉली बैग देखे।
पूछताछ के दौरान इन बैगों के संबंध में कोई दावा करने वाला सामने नहीं आया। सघन जांच के दौरान इन बैगों से 176 बोतल अवैध शराब (प्रत्येक 180 मि.ली.) बरामद की गई, जिन्हें जब्त कर आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग भागलपुर को सुपुर्द किया गया। बरामद अवैध शराब का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 40,480 रुपया है।






