BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

सुदना देवी मंडप में 10 दिवसीय श्रीगणेश चतुर्थी महोत्सव शुरू, श्रद्धालुओं ने की विघ्नहर्ता की आराधना


मेदिनीनगर। पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सुदना स्थित देवी मंडप में 10 दिवसीय श्रीगणेश चतुर्थी महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन श्रद्धालुओं ने विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

यजमान सूरज तिवारी एवं अर्चना तिवारी ने पूजा-अनुष्ठान किया। आचार्य पंडित प्रभु नारायण पाठक ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीगणेश की महिमा का बखान करते हुए उनकी सेवा, भक्ति एवं उपासना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान गणेश की पूजा करने से जीवन के समस्त विघ्न-बाधाएं दूर होती हैं तथा उनकी कृपा से सुख-शांति का मार्ग प्रशस्त होता है।

पूजन के बाद भगवान श्रीगणेश की आरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण हुआ। भगवान गणेश के जन्मोत्सव के अवसर पर मानसी सिंह ने केक काटकर खुशियां मनाईं। श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों ने जयघोष करते हुए भक्तिभाव से भगवान गणेश की आराधना की।

महंत अभिमन्यु ओझा ने बताया कि मंगलवार की शाम पांच बजे से प्रतिदिन श्रीगणेश पुराण कथा का आयोजन किया जाएगा, जो 23 सितंबर तक चलेगा। 24 सितंबर को भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

महोत्सव में नवल तिवारी, धनंजय सिंह, विनोद अग्रवाल, सुधीर सोनी, कालिंदा ओझा, गुड़िया, सुरुचि, शशिकला, रूपा, बसंती, अमृता, आरव, आशा, आस्था, शांति सहित काफी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।