आदित्यपुर: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक कैथ लैब का किया उद्घाटन
सरायकेला: आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मंगलवार को अत्याधुनिक कैथ लैब का उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया. नई सुविधा के शुरू होने से कोल्हान और आसपास के क्षेत्रों के हृदय रोगियों को एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और पेसमेकर प्रत्यारोपण जैसी महत्वपूर्ण कार्डियक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और बेहतर बुनियादी ढांचे का विस्तार समय की जरूरत है. हृदय रोग जैसी गंभीर और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है. उन्होंने कैथ लैब की स्थापना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए संस्थान के प्रयासों की सराहना की.
संस्थान के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने कहा कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक आधुनिक, उच्चस्तरीय और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है. कैथ लैब शुरू होने से इस संकल्प को और मजबूती मिली है. उन्होंने कहा कि अब हृदय रोगियों को कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं के लिए दिल्ली, मुंबई या कोलकाता जैसे महानगरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी.
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार कैथ लैब डिजिटल फ्लैट पैनल सिस्टम सहित आधुनिक तकनीक से लैस है. यहां न्यूनतम रेडिएशन के साथ हाई-डेफिनिशन इमेजिंग की सुविधा के साथ हार्ट अटैक के गंभीर मामलों में प्राइमरी एंजियोप्लास्टी की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है. अनुभवी कार्डियोलॉजिस्ट की टीम और 24 घंटे आपातकालीन सेवा के माध्यम से विशेष रूप से हार्ट अटैक के मामलों में ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा.
मदन मोहन सिंह ने कहा कि संस्थान का प्रयास है कि जटिल हृदय रोगों की जांच और उपचार भी किफायती दरों पर उपलब्ध कराया जाए. आने वाले समय में अन्य सुपर-स्पेशियलिटी सेवाओं को भी मजबूत किया जाएगा, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के मरीजों को एक ही परिसर में व्यापक चिकित्सा सुविधा मिल सके.
उल्लेखनीय है कि आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना वर्ष 2024 में हुई थी. वर्ष 2025 में मेडिकल कॉलेज को 100 MBBS सीटों के साथ अनुमति मिली थी. संस्थान के अनुसार वर्ष 2026 में MBBS सीटों की संख्या बढ़कर 200 हो गई है. 800 से अधिक बेड की क्षमता वाले अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा के साथ ICU, ICCU, NICU और PICU जैसी क्रिटिकल केयर सुविधाएं उपलब्ध हैं. अस्पताल आयुष्मान भारत- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से भी सूचीबद्ध है.
कैथ लैब की शुरुआत को संस्थान के स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इससे विशेष रूप से आदित्यपुर, जमशेदपुर, सरायकेला- खरसावां सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र के हृदय रोगियों को समय पर आधुनिक उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है.






