BREAKING NEWS

logo

रांची में नकली प्रिंटर सामग्री बनाने के मामले का हुआ खुलासा


एचपी (HP) कंपनी के पदाधिकारी द्वारा चुटिया थाना में दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी टीम का गठन किया। इसके बाद मालाबार रिसोर्ट स्थित एक फ्लैट में छापेमारी की गई, जहां से भारी मात्रा में नकली एचपी उत्पाद बरामद किए गए।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राकेश कुमार बारी (उम्र लगभग 32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले का निवासी है और वर्तमान में रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित मालाबार रिसोर्ट के फ्लैट नंबर-502 में रह रहा था।

पुलिस को फ्लैट से 170 नकली टोनर बॉक्स, विभिन्न मॉडल के इंक कार्टेज, 600 बबल बैग, 590 आउटर बॉक्स शीट, सैकड़ों की संख्या में एमआरपी स्टिकर, होलोग्राम, वार्निंग लेबल और अन्य पैकेजिंग सामग्री बरामद हुई। इसके अलावा नकली सामान तैयार करने में प्रयुक्त एम्बोसिंग लेजर मशीन, एमआरपी प्रिंट मशीन, पंचिंग मशीन, ब्लोअर मशीन, ग्लू गन और एयर फुट पंप भी जब्त किए गए।

इस संबंध में चुटिया थाना कांड संख्या 42/26, दिनांक 7 अप्रैल 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा कॉपीराइट एक्ट और ट्रेडमार्क एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।