BREAKING NEWS

logo

रांची-रामगढ़ रोड पर नेवरी चौक के पास फोरलेन है जर्जर, बड़ी दुर्घटना की आशंका


- शाम से ही लगा रहता है जाम
- है बड़ा-बड़ा गड्ढा, भरा रहता है पानी
              संवाददाता
ओरमांझी : अतिव्यस्त रांची-रामगढ़ रोड नेवरी चौक के समीप फोरलेन की सड़क जर्जर हो चुकी है। रिंग रोड से उतरकर आप ज्योहीं ओरमांझी की ओर फोरलेन पर चढ़ेंगे तो सड़क पर बड़े-बड़े गढ्ढे से आपका सामना हो जाएगा। नहीं संभले तो सड़क पर गिरेंगे या दुर्घटना होने की पूरी संभावना होगी। यह सड़क एनएचएआई की है और वहां से सौ मीटर दूर से टोल रोड का आरंभ भी होता है। वहा से कुछ आगे ही एनएचएआई का बोर्ड लगा है टोल रोड आरम्भ। जहां पर बड़े-बड़े गढ्ढे हैं वहां से रुक्का जल आपूर्ति के बड़े-बड़े पाइप गुजरे है जो बराबर लीक रहता है सो गढ्ढे में पानी भी भरा रहता है। यह स्थिति महीनों से है लेकिन एनएचएआई के अधिकारी आंख मूंदे हुए हैं। उक्त चौराहे पर चारो ओर से गाड़ियां आती है साथ ही उसी जगह पर दूर जाने वाली बसों का स्टॉपेज भी है। इस कारण से हर वक़्त वहां जाम लगा रहता है। अंधेरा होने के बाद जब वहां पर कई बसें आकर लग जाती है तो रांची व रामगढ़ दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जातीं है। इस व्यस्तम रोड से अधिकारी व मंत्री भी प्रतिदिन आवाजाही करते हैं।