BREAKING NEWS

logo

राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में संत मरियम विद्यालय के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन



मेदिनीनगर। कलकत्ता (हावड़ा) में आयोजित चौथी एपीजे अब्दुल कलाम इंटर स्कूल एवं नेशनल कराटे चैंपियनशिप में संत मरियम विद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के पांच बाल कराटेकारों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य ट्रॉफी अपने नाम की।

प्रतियोगिता में रौनक कुमार एवं दिव्यांशु कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण ट्रॉफी जीती। वहीं शिवम कुमार एवं अनुराग कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल कर रजत ट्रॉफी अपने नाम की। अनिकेत कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य ट्रॉफी जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

यह चैंपियनशिप शितो-रियु कराटे डू फेडरेशन के तत्वावधान में श्री अग्रसेन सेवा समिति स्पोर्ट्स हॉल, हावड़ा (कलकत्ता) में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में देश के लगभग 20 राज्यों से स्कूली कराटे खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

संत मरियम विद्यालय की टीम का नेतृत्व मुख्य कराटे प्रशिक्षक क्योंशी संतोष कुमार ने किया, जबकि सेंसाई संजय कुमार पासवान ने टीम मैनेजर की जिम्मेदारी निभाई।