सड़क जाम और विधि-व्यवस्था को देखते हुए शहर में चल रहा सीमांकन कार्य
काम में बाधा या विधि-व्यवस्था भंग करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। आगामी त्योहारों को देखते हुए रामगढ़ शहर में सड़क जाम और विधि-व्यवस्था की स्थिति को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ तैयारी तेज कर दी है। अंचल अधिकारी, रामगढ़ के नेतृत्व में शहर की सड़कों पर किए गए अतिक्रमण वाले स्थानों का सीमांकन किया जा रहा है।
प्रशासन ने मांगा सहयोग
जिला प्रशासन ने रामगढ़ शहरवासियों से सीमांकन कार्य में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार, सड़क पर किए गए अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए यह कार्रवाई की जा रही है।
बाधा डालने पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीमांकन कार्य में किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न करने अथवा विधि-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सीमांकन कार्य में सहयोग करें, ताकि आगामी त्योहारों के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था सुचारु बनी रहे।






