भूमि संबंधी कार्यों में डिजिटल क्रांति से आसान हुई व्यवस्था : अजीत कुमार
रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
भूमि संबंधी कार्यों को सरल, पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा डिजिटल तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह है कि भूमि संबंधी कार्यों में नागरिकों की कम से कम ऊर्जा और समय लगे तथा उनकी ऊर्जा देश और समाज के विकास में उपयोग हो सके। उक्त बातें भूमि संसाधन विभाग के केंद्रीय सचिव अजीत कुमार ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर बेंगाबाद प्रखंड के कर्णपुरा पंचायत सचिवालय में आयोजित रिफॉर्म उत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
कार्यक्रम में केंद्रीय सचिव के पहुंचने पर महिलाओं एवं सखी मंडल की दीदियों ने तिलक लगाकर एवं बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
केंद्रीय सचिव ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभुकों से सीधा संवाद किया और योजनाओं के क्रियान्वयन तथा उनसे मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा योजनाएं बनाने का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े योग्य लाभुकों तक उसका लाभ पहुंचाना है। भूमि सुधार एवं भूमि संबंधी कार्यों में पहले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लोगों की समस्याओं को देखते हुए भूमि अभिलेख एवं संबंधित सेवाओं का डिजिटलीकरण किया गया है। इससे अब भूमि संबंधी कार्य काफी सरल और सुविधाजनक हो गए हैं। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में लगातार सुधार किया जा रहा है और नई तकनीकों को भी जोड़ा जा रहा है, ताकि आने वाले समय में नागरिकों को और अधिक सहूलियत मिल सके। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह रोकने को लेकर उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई। साथ ही जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए जल के महत्व और इसके संरक्षण का संदेश दिया गया। इधर, सोनबाद एवं महुआर पंचायत में भी रिफॉर्म उत्सव के अवसर पर ‘सबकी योजना, सबका विकास 2026’ के तहत विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। ग्राम सभा में पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा नई योजनाओं के चयन को लेकर चर्चा की गई। ग्राम विकास विभाग, जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, भूमि संसाधन विभाग, पंचायती राज मंत्रालय, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग समेत अन्य विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। बताया गया कि योजनाओं के चयन में पारदर्शिता बढ़ाने, ग्राम सभा एवं ग्राम पंचायत की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा परिवारों की स्थायी एवं बेहतर आय के संवर्धन के उद्देश्य से विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। मौके पर अपर समाहर्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, डीपीआरओ, बीडीओ, सीओ, बीपीआरओ, सोनबाद पंचायत की मुखिया चमेली देवी, चंद्रकांत मंडल, खुर्शीद अनवर हादी, कैलाश वर्मा, बैजनाथ वर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित थे।





