BREAKING NEWS

logo

राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर उड़ती धूल और गड्ढों से बिगड़ी हालात,दुर्घटना की संभावना, श्री बंशीधर नगर में राहगीर और दुकानदार बेहाल


श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर श्री बंशीधर नगर अनुमंडल मुख्यालय से गुजरने वाली मुख्य सड़क इन दिनों जर्जर हालत और उड़ती धूल के कारण आमजन की बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे न केवल यातायात को प्रभावित कर रहे हैं बल्कि कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। वहीं, उड़ती धूल से दुकानदार और राहगीर दोनों परेशान हैं। लगातार धूल फेफड़ों तक पहुंचकर लोगों को बीमार कर रही है, जिससे सांस लेने की समस्या, एलर्जी और खांसी जैसी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर पैदल चलना तो दूर, वाहन चलाना भी जोखिम भरा हो गया है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, वहीं धूप के दिनों में धूल का गुबार लोगों को बीमार कर रहा है। दुकानदार बताते हैं कि लगातार उड़ती धूल से उनका सामान खराब हो जाता है और ग्राहक भी दुकानों में रुकने से कतराते हैं।

लोगों ने कई बार सड़क मरम्मत की मांग की, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर ठोस पहल नहीं हो पाई है। परेशान लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही इस सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

राहगीर भी परेशान

स्थानीय निवासी सोनू सिंह ने बताया कि सुबह-शाम जब सड़क पर ट्रकों और बसों की आवाजाही होती है तो धूल का गुबार पूरा ढक लेता है। सांस लेना मुश्किल हो जाता है। सड़क की दुर्दशा के कारण यात्रा करना अब सिरदर्द बन चुका है।

उन्होंने बताया कि गड्ढों से बचते-बचते कई बार हादसे हो जाते हैं। प्रशासन को चाहिए कि तुरंत सड़क की मरम्मत कराए और लोगों की जान से खिलवाड़ बंद करे।

स्थानीय दुकानदार अब्दुल मोतल्लिब,रवि सोनी,बलराम कुमार डीपी एवं अंकित चौबे ने बताया कि यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग है, जिस पर रोजाना हजारों गाड़ियां गुजरती हैं। इतनी महत्वपूर्ण सड़क पर यह स्थिति होना बेहद शर्मनाक है। गड्ढे और धूल के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। व्यापारी, छात्र, नौकरीपेशा लोग – सभी परेशान हैं। प्रशासन को तुरंत धूल पर छिड़काव और गड्ढों की मरम्मत की व्यवस्था करनी चाहिए। अगर हमारी समस्याओं पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो हम लोग सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

स्थानीय दुकानदार विजेंद्र कुमार चौबे ने बताया कि धूल की वजह से हमारी दुकानदारी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। दुकान में रखे सामान पर धूल जम जाती है, जिससे ग्राहक खरीदने से हिचकिचाते हैं। रोजाना कई बार सामान को ढकना और साफ करना पड़ता है। ऐसे हालात में ग्राहक दुकान तक आने से भी कतराने लगे हैं। कारोबार में लगातार गिरावट हो रही है, लेकिन प्रशासन इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहा है।”

लोगों की प्रशासन से अपील

स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। बावजूद इसके सड़क की मरम्मत नहीं की जा रही है। धूल को कम करने के लिए न तो नियमित छिड़काव हो रहा है और न ही गड्ढों की भराई। लोग जिला प्रशासन और सड़क निर्माण विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और धूल नियंत्रण की व्यवस्था नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

डॉक्टर ने जताई गंभीर चिंता

स्थानीय चिकित्सक डॉ. अभिमन्यु सिंह ने कहा कि “धूल का लगातार संपर्क फेफड़ों और श्वसन तंत्र के लिए बेहद हानिकारक है। इससे दमा, एलर्जी, ब्रोंकाइटिस, फेफड़ों में संक्रमण और आंखों की बीमारियां तेजी से फैल सकती हैं। खासकर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति जानलेवा भी साबित हो सकती है।” उन्होंने लोगों को सलाह दी कि बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करें और आंखों की सुरक्षा का ध्यान रखें।