एल.बी.एस.एम. कॉलेज में झारखंड के शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को भावभीनी श्रद्धांजलि
जमशेदपुर। लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल (एल.बी.एस.एम.) कॉलेज, जमशेदपुर में झारखंड के शिक्षा मंत्री श्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महाविद्यालय परिवार के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने कहा कि झारखंड ने एक महत्वपूर्ण एवं सक्रिय जनप्रतिनिधि और शिक्षा के क्षेत्र में दूरदर्शी सोच रखने वाले नेता को खो दिया है। उनका असामयिक निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि श्री सुदिव्य कुमार सोनू ने झारखंड की उच्च शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। विश्वविद्यालय अधिनियम 2026 में संशोधन, विश्वविद्यालय आयोग की स्थापना, क्लस्टर सिस्टम, शिक्षकों की पदोन्नति सहित उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक स्मरण किया जाएगा।
प्राचार्य ने कहा कि उनका व्यक्तित्व, सक्रियता और शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणा देती रहेगी। एल.बी.एस.एम. कॉलेज परिवार दिवंगत शिक्षा मंत्री श्री सुदिव्य कुमार सोनू को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता है।
शोक सभा में डॉ. विनय कुमार गुप्ता, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. दीपांजय श्रीवास्तव, प्रो. अरविंद पंडित, प्रो. संतोष राम, डॉ. सुष्मिता धारा, प्रो. रितु, डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. प्रशांत, प्रो. प्रमिला किस्कु, प्रो. सलोनी, डॉ. संतोष कुमार, सौरभ वर्मा, राम प्रवेश, हरिहर टुडू, अजीत सिंह, मंसूक सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित थे।





