भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुकिंग प्रणाली में बड़ा बदलाव किया है। नए नियम के तहत अब ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए आधार सत्यापन (Aadhaar Authentication) को अनिवार्य किया जा रहा है, जिससे फर्जी बुकिंग और दलालों पर रोक लगाई जा सके। रेलवे के अनुसार यह नया नियम चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया है। 12 जनवरी 2026 से एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) के पहले दिन सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक केवल आधार-सत्यापित आईआरसीटीसी उपयोगकर्ता ही ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य टिकट बुकिंग में पारदर्शिता बढ़ाना और फर्जी आईडी के जरिए होने वाली बड़े पैमाने की बुकिंग को रोकना है। अब तक लाखों संदिग्ध और फर्जी आईआरसीटीसी खातों को बंद किया जा चुका है, जबकि कई अन्य खातों की जांच जारी है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह नियम केवल ऑनलाइन बुकिंग पर लागू होगा। स्टेशन के पीआरएस (Passenger Reservation System) काउंटर से टिकट लेने की प्रक्रिया पहले की तरह ही जारी रहेगी और यात्रियों को कोई अतिरिक्त परेशानी नहीं होगी। रेलवे का मानना है कि आधार आधारित सत्यापन से असली यात्रियों को टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और दलालों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लग सकेगी।
ट्रेन टिकट बुकिंग नियम में बड़ा बदलाव, अब आधार वेरिफिकेशन होगा अनिवार्य




