उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक महिला से लूट की घटना सामने आई। शादी समारोह में जा रही महिला के गले से नकाबपोश तीन बदमाशों ने सोने का हार झपट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता अनीता सोनी, जो पुरानी बाजार की निवासी हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मंगलवार रात पांच अन्य महिलाओं के साथ हनुमानगढ़ी स्थित एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रही थीं। जब वे चूड़ी मोहल्ला स्थित बिस्मिल्ला मार्केट के पास पहुंचीं, तभी बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश अचानक उनके पास आए और उनके गले से सोने का हार झपटकर तेजी से फरार हो गए। सूचना मिलते ही शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़िता के अनुसार, लूटा गया हार करीब 8 लाख रुपये का था। प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
जौनपुर में महिला के गले से सोने का हार झपटकर फरार हुए नकाबपोश बदमाश





