नगर पंचायत की जलापूर्ति व्यवस्था चरमराई, पांच दिनों से शहर में नलों से नहीं आई पानी
हुसैनाबाद:कृष्णा यादव
हुसैनाबाद,पलामू: हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप है। नलों में एक बूंद भी पानी नहीं आने से नगरवासियों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लोगों को दर-दर भटकना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, कई मोहल्लों में लोग अब निजी चापाकल, कुएं और टैंकरों पर निर्भर हो गए हैं। पानी के लिए सुबह से ही चापाकलों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।नगरवासियों का कहना है कि नगर पंचायत की जलापूर्ति व्यवस्था में यह कोई नई बात नहीं है। आए दिन कभी मोटर खराब, कभी ट्रांसफार्मर फुंका तो कभी केबल फॉल्ट के कारण सप्लाई बाधित हो जाती है। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि खराबी आने के बाद उसे ठीक करने में 4 से 5 दिन लगा दिए जाते हैं, जिससे पूरे शहर को परेशानी झेलनी पड़ती है।
लगातार पांच दिनों से जलापूर्ति बंद रहने से लोगों में नगर पंचायत प्रशासन के प्रति काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में बार-बार व्यवधान नहीं होना चाहिए। प्रशासन को ऐसी वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए ताकि मरम्मत के दौरान भी लोगों को पानी मिलता रहे।
इस संबंध में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शशि शेखर सुमन ने बताया कि केबल में फॉल्ट आने के कारण जलापूर्ति बाधित हुई थी। उन्होंने कहा कि खराबी को दूर कर नया केबल लगा दिया गया है और शुक्रवार से नगर वासियों को निर्बाध रूप से पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।नगरवासियों ने मांग की है कि बार-बार हो रही तकनीकी खराबी का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।






