BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

महालया पर माँ दुर्गा के जयकारों से गूंजा मेदिनीनगर, शोभायात्रा में बाल स्वरूपों ने मोहा मन


मेदिनीनगर (पलामू)। माँ दुर्गा के आगमन की मंगल बेला, महालया के पावन अवसर पर पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्री केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति पलामू के तत्वावधान में शनिवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। माँ दुर्गा के प्रति अटूट श्रद्धा, आस्था और भक्ति से ओत-प्रोत इस शोभायात्रा ने शहर में शारदीय नवरात्र के उल्लास का शंखनाद कर दिया।
शोभायात्रा की शुरुआत सुदना स्थित माँ भगवती क्लब से हुई। ढोल-नगाड़ों, जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच निकली शोभायात्रा में छोटे-छोटे बच्चों ने माँ दुर्गा सहित देवी के विभिन्न स्वरूपों की मनमोहक वेशभूषा धारण की थी। देवी के बाल स्वरूपों को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। बच्चों के रूप में साक्षात देवी की झलक पाकर लोगों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ उनका अभिवादन किया। ये बाल स्वरूप शोभायात्रा के विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती शोभायात्रा में माँ दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्तों की आस्था देखते ही बन रही थी। शोभायात्रा का समापन बंगीय दुर्गाबाड़ी में हुआ।
इस अवसर पर महासमिति के केंद्रीय संरक्षक मनोज कुमार सिंह, अनिल सिंह, अविनाश देव, सोनू सिंह नामधारी एवं बब्लू गुप्ता, केंद्रीय अध्यक्ष दुर्गा जौहरी, सचिव ललन सिन्हा, उपाध्यक्ष नवीन तिवारी, बी.एम. पांडेय, अरविंद अग्रवाल,सतीश तिवारी, विनीत पांडेय एवं रंजीत चंद्रवंशी सहित अनेक श्रद्धालु एवं सदस्य उपस्थित रहे।

महालया की यह शोभायात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि माँ दुर्गा के प्रति अटूट आस्था, सनातन संस्कृति की जीवंत परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बनी। माँ के आगमन की इस मंगल बेला ने भक्तों के हृदय में नई ऊर्जा, नई उमंग और भक्ति का संचार किया। अब पूरा शहर माँ दुर्गा के स्वागत और शारदीय नवरात्र की आराधना में डूबने को आतुर है।