पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में जा रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं की बस को घेरकर उत्तर कोलकाता के गिरीश पार्क इलाके में शनिवार काे हमला किया गया। आराेप है कि हमलावराें ने ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे से भाजपा कार्यकर्ताओं को मारा पीटा है, जिसमें उत्तर कोलकाता के भाजपा जिला अध्यक्ष तमाघ्न घोष समेत कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। वहीं, तृणमूल सरकार में केंबिनेट मंत्री शशि पांजा के घर को भी निशाना बनाकर पथराव किए जाने का आरोप लगाया है। इस घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है। घटना में बउबाजार थाना प्रभारी सहित कई लोग घायल हुए हैं जिन्हें उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के संबंध में तृणमूल कार्यकर्ताओं का दावा है कि ब्रिगेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में शामिल होने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल सरकार में कैबिनेट मंत्री शशि पांजा के घर पर पथराव किया। मंत्री ने भी आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके घर को निशाना बनाकर ईंटें फेंकी, जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए। मंत्री ने आरोप लगाया कि सभा में जा रही बसों में ईंट, कांच की बोतलें और विस्फोटक सामग्री भी रखी गई थी। उन्होंने दावा किया कि बाहरी लोगों को लाकर यहां का माहौल खराब करने की कोशिश की गई।
शशि पांजा के अनुसार, गिरीश पार्क स्थित उनके घर के आसपास “भाजपा बहिष्कार” के पोस्टर लगे थे। आरोप है कि वहां से गुजरते समय भाजपा कार्यकर्ता ने बस से उतरकर पोस्टर फाड़ने लगे। बाद में जब तृणमूल कार्यकर्ता दोबारा पोस्टर लगाने पहुंचे तो विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान उनके घर की ओर भी पथराव किया गया।
वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया है। पार्टी का कहना है कि गिरीश पार्क से जुलूस निकालते समय तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उनकी बसों को निशाना बनाकर ईंटें फेंकी, जिससे कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए। भाजपा के उत्तर कोलकाता जिला अध्यक्ष तमोघ्न घोष भी घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना में बउबाजार थाने के प्रभारी बप्पादित्य नस्कर सहित कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। दूसरी ओर, पुलिस की भूमिका को लेकर भी भाजपा ने सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि घटना के दौरान पुलिस निष्क्रिय रही।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
कोलकाता में पीएम मोदी की रैली से पहले भाजपा-तृणमूल कार्यकर्ताओं में झड़प, पथराव




