भारी बारिश के अलर्ट के बीच पलामू में 12वीं तक के स्कूल 3 सितंबर तक बंद
मेदिनीनगर। पलामू जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी एवं निजी विद्यालयों में KG से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई 3 सितंबर 2026 तक तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड, रांची की ओर से 2 और 3 सितंबर को पलामू जिले में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, लगातार बारिश के कारण जिले के कई शहरी और ग्रामीण विद्यालय परिसरों एवं कमरों में पानी जमा होने तथा विद्यालयों तक पहुंचने वाले रास्तों के बाधित होने की सूचना भी प्रशासन को मिल रही थी। इसे देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति रहेगी अनिवार्य
जिला प्रशासन की ओर से जारी कार्यालय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की कक्षाएं स्थगित रहेंगी, लेकिन सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित होकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का संपादन करेंगे। विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा-34 के तहत जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने संबंधित प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना देते हुए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है।
प्रशासन के इस फैसले से भारी बारिश के ब�





