BREAKING NEWS

logo

सुलोचना मीणा संभालेंगी देवघर नगर निगम की कमान, बनीं नई नगर आयुक्त.


 रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 
अमित कुमार 

देवघर : देवघर नगर निगम को देश की सबसे युवा महिला आईएएस अधिकारियों में से एक 'सुलोचना मीणा' के रूप में नई नगर आयुक्त मिली हैं। राज्य सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दिया है।

सुलोचना मीणा 2022 बैच की झारखंड कैडर की IAS अधिकारी हैं। राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले की रहने वाली सुलोचना ने 2022 में सिविल सेवा परीक्षा (यूपीएससी) अपने पहले ही प्रयास में पास कर पूरे देश का ध्यान खींचा था। मात्र 22 साल की उम्र में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 415 हासिल कर सफलता का परचम लहराया। कम उम्र में यह उपलब्धि पाकर वे देश की सबसे युवा महिला आईएएस अधिकारियों में गिनी जाती हैं।  

वर्तमान में 'सुलोचना मीणा' पलामू जिले के मेदिनीनगर सदर की अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के पद पर कार्यरत थीं। वहां उन्होंने प्रशासनिक कार्यों और जनसेवा में अपनी पहचान बनाई। अब उन्हें देवघर नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।  

'रांची एक्सप्रेस' से दूरभाष पर बातचीत करते हुए देवघर नगर निगम की नई आयुक्त 'सुलोचना मीणा' ने कहा कि देवघर बाबा नगरी है और यहां लाखों श्रद्धालु आते हैं। मेरी पहली प्राथमिकता स्वच्छता, जलजमाव की समस्या, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण हटाना और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना होगी। राजकीय श्रावणी मेला- 2026 नजदीक है, ऐसे में टेंट सिटी, पार्किंग, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था को पुख़्ता करना सबसे बड़ी चुनौती है।

युवा और ऊर्जावान आईएएस अधिकारी के नगर आयुक्त बनने से देवघर वासियों को शहर के विकास और समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद है।


*उप महापौर ने किया स्वागत*

देवघर नगर निगम की उप महापौर 'टीप चटर्जी' ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देवघर निगम नई ऊंचाइयों को छूएगा।