BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

चैंबर के अनुरोध पर छठ तक अतिक्रमण अभियान पर अस्थायी रोक


डीसी से मिले चैंबर प्रतिनिधि, त्योहार के दौरान कार्रवाई रोकने की मांग

व्यापारियों से अपील, दुकान का सामान सड़क और फुटपाथ पर न रखें

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। त्योहारों के मद्देनजर रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अनुरोध पर शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान पर छठ पर्व तक अस्थायी रोक लगाने पर सहमति बनी है। चैंबर अध्यक्ष मनजीत साहनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को डीसी ऋतुराज से मुलाकात कर त्योहार के दौरान अभियान पर रोक लगाने की मांग की थी। चैंबर ने सुझाव दिया कि अतिक्रमण या यातायात संबंधी किसी भी कार्रवाई से पहले व्यापारियों के साथ संयुक्त बैठक कर उन्हें जानकारी दी जाए, ताकि प्रशासन और व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे। चैंबर ने व्यापारियों से भी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव देने की अपील की है। इन सुझावों को आगामी बैठक में डीसी के समक्ष रखा जाएगा।

छठ के बाद सीमांकन के बाद होगी कार्रवाई

चैंबर प्रतिनिधिमंडल ने डीसी को बताया कि त्योहारों का समय व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण होता है और इस दौरान अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से व्यापारियों में असमंजस की स्थिति बन रही है। डीसी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि छठ पूजा तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अस्थायी रूप से बंद रहेगी। इसके बाद अतिक्रमण वाले स्थानों का सीमांकन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सड़क पर सामान मिला तो होगी जब्ती

डीसी ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों का सामान दुकान के अंदर ही रखें। सड़क या फुटपाथ पर सामान पाए जाने पर प्रशासन द्वारा उसे जब्त किया जा सकता है। चैंबर प्रतिनिधिमंडल ने भी व्यापारियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

जाम से निजात के लिए बन रहा मास्टर प्लान

वार्ता के दौरान डीसी ने बताया कि रामगढ़ शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे शहर के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। इसमें नेहरू रोड, लोहार टोला और चट्टी बाजार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में यातायात को सुगम बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष मनजीत साहनी, पूर्व अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद सिंह, वकील सिंह, पूर्व अध्यक्ष पंकज प्रसाद तिवारी, उपाध्यक्ष अमरेश गणक एवं कोषाध्यक्ष दिनेश पोद्दार शामिल थे।