BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

चिड़ूंगोडा में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, कुणाल षड़ंगी ने किया उद्घाटन


दामपाड़ा क्षेत्र के चिड़ूंगोडा स्थित फुटबॉल मैदान में शुक्रवार को तिलका मांझी क्लब के तत्वावधान में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में बहरागोड़ा के पूर्व विधायक एवं झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षड़ंगी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन एवं घाटशिला विधानसभा के पूर्व विधायक सह पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में कुणाल षड़ंगी ने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा खेल के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। उन्होंने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा खेल एवं खिलाड़ियों के प्रति अपनाए जा रहे सकारात्मक दृष्टिकोण का भी उल्लेख किया।
कुणाल षड़ंगी ने टूर्नामेंट के आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि दामपाड़ा जैसे सुदूर क्षेत्र में इस प्रकार के बड़े खेल आयोजन को सफलतापूर्वक आयोजित करना अपने आप में बड़ी चुनौती है। उन्होंने तिलका मांझी क्लब के सभी आयोजकों को साधुवाद देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में यह टूर्नामेंट और भी भव्य एवं व्यापक रूप लेगा तथा क्षेत्र के अधिक से अधिक युवा इसमें हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों एवं खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर घाटशिला प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू, प्रखंड सचिव खुदी राम हांसदा, वरिष्ठ नेता काजल डॉन, प्रखंड उपाध्यक्ष हीरा सिंह, दसमत सोरेन, मीडिया प्रभारी सोमेन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।