एमसीएक्स पर शाम के सत्र में होगा सामान्य कारोबार
नई
दिल्ली, होली के अवसर पर घरेलू शेयर बाजार में आज
छुट्टी है। देश के कई हिस्सों में होली का त्योहार 03 और 04 मार्च को
मनाया जा रहा है, लेकिन घरेलू शेयर बाजार में 03 मार्च को ही होली की
छुट्टी घोषित की गई है।
बीएसई और एनएसई की ओर से जारी किए गए एनुअल
हॉलीडे कैलेंडर के अनुसार होली की छुट्टी की वजह से आज ट्रेडिंग नहीं
होगी। कमोडिटी मार्केट की बात करें तो मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स)
में सुबह के सत्र में कोई कारोबार नहीं होगा, लेकिन शाम के सत्र में
सामान्य कारोबार होगा। यानी शाम 5 बजे से लेकर रात 11 बजे तक अन्य दिनों की
तरह एमसीएक्स पर ट्रेडिंग होगी।
स्टॉक एक्सचेंज के हॉलीडे कैलेंडर
के अनुसार मार्च के महीने में शनिवार और रविवार की साप्ताहिक छुट्टी के
अलावा तीन अतिरिक्त दिन की छुट्टी रहने वाली है। आज की छुट्टी के बाद 26
मार्च को श्रीरामनवमी के अवसर पर स्टॉक मार्केट में छुट्टी रहेगी, जबकि 31
मार्च को महावीर जयंती के कारण शेयर बाजार में छुट्टी रहेगी। यानी
साप्ताहिक छुट्टी के अलावा इस महीने कुल तीन ट्रेडिंग हॉलीडे रहने वाले
हैं।
स्टॉक एक्सचेंज में साल 2026 के दौरान कुल 16 ट्रेडिंग हॉलीडे
का ऐलान किया गया है। इन 16 छुट्टियों में से जनवरी में दो छुट्टियां हो
चुकी हैं। मार्च में तीन दिन ट्रेडिंग हॉलीडे रहने वाला है, जबकि अप्रैल के
महीने में तीन तारीख को गुड फ्राइडे और 14 तारीख को डॉक्टर अंबेडकर जयंती
की छुट्टी रहेगी। इसके बाद मई के महीने में 1 तारीख को महाराष्ट्र दिवस के
अवसर पर शेयर बाजार में ट्रेडिंग हॉलीडे रहेगा, जबकि 28 तारीख को बकरीद के
कारण स्टॉक मार्केट में छुट्टी रहेगी। इसके अगले महीने 26 जून को मोहर्रम
के कारण स्टॉक मार्केट बंद रहेगा।
इसके बाद जुलाई और अगस्त में कोई
ट्रेडिंग हॉलीडे नहीं रहने वाला है। अगस्त के महीने में स्वतंत्रता दिवस के
मौके पर 15 अगस्त की भी छुट्टी होती है, लेकिन इस साल शनिवार के दिन 15
अगस्त पड़ने की वजह से ट्रेडिंग हॉलीडे की जगह वीकली हॉलीडे रहेगा। सितंबर
के महीने में 14 तारीख को गणेश चतुर्थी की छुट्टी रहेगी। इसके बाद अक्टूबर
के महीने में 2 तारीख को गांधी जयंती और 20 अक्टूबर को दशहरा के कारण
ट्रेडिंग हॉलीडे रहेगा नवंबर के महीने में भी दो दिन का ट्रेडिंग हॉलीडे
रहेगा। इस महीने 10 नवंबर को दिवाली की छुट्टी रहेगी, जबकि 24 नवंबर को
गुरु नानक जयंती के अवसर पर स्टॉक मार्केट बंद रहेगा। साल का आखिरी
ट्रेडिंग हॉलीडे 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर रहेगा।
शेयर बाजार में आज होली की छुट्टी, बीएसई और एनएसई पर नहीं होगी ट्रेडिंग





