बलरामपुर, 20 मार्च ।सूरजपुर के तिलसिवा स्थित स्नेह संबल वृद्धाश्रम में आयोजित आयुष स्वास्थ्य शिविर ने बुजुर्गों को न केवल उपचार उपलब्ध कराया, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी दिया।
आयुष विभाग द्वारा स्नेह संबल वृद्धाश्रम तिलसिवा में एक दिवसीय आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आश्रम में निवासरत बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका उपचार किया गया।
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने बुजुर्गों को ऋतुचर्या, दिनचर्या और योग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्हें उम्र के अनुसार संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई, ताकि वे स्वस्थ और सक्रिय जीवन जी सकें।
इस दौरान वात रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कमजोरी और चर्म रोग से पीड़ित बुजुर्गों का परीक्षण कर उन्हें होम्योपैथिक और आयुर्वेदिक दवाइयां नि:शुल्क वितरित की गईं।
शिविर में आयुष विभाग के डॉ. कुलदीप द्विवेदी, डॉ. अनीता पैंकरा, डॉ. दिवाकर सिंह, डॉ. लीला प्रिया करकेटा, फार्मासिस्ट दाऊ राम कमर, उषा किरण, एमपीडब्ल्यू तुलेश्वर और चंद्रभान, लैब टेक्नीशियन भूपेंद्र सिंह सहित समाज कल्याण विभाग से अधीक्षक चंदा रजवाड़े, पायल गुप्ता, सुरेश गुप्ता और सोशल वर्कर मोहित रजवाड़े उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से बुजुर्गों को स्वास्थ्य सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए उन्हें बेहतर जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
सूरजपुर : वृद्धाश्रम में आयुष स्वास्थ्य शिविर, बुजुर्गों को मिला नि:शुल्क उपचार और जीवनशैली परामर्श





