सूरजपुर, 20 मार्च । चैत्र नवरात्र की पावन बेला में सूरजपुर जिले को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 मार्च को माँ कुदरगढ़ी धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे और जिलेवासियों को करोड़ों के विकास कार्यों का तोहफा देंगे।
चैत्र नवरात्र के शुभ अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 मार्च को विकासखंड ओड़गी अंतर्गत ग्राम पंचायत कुदरगढ़ पहुंचेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे लगभग 185 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की सौगात जिलेवासियों को देंगे।
मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान अंचल के प्रसिद्ध और प्राचीन माँ कुदरगढ़ी देवी मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन करेंगे और प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे। लगभग 2000 फीट ऊंची पहाड़ी पर स्थित माँ कुदरगढ़ी का यह धाम वर्षों से क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। चैत्र नवरात्र के दौरान यहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री 52 विकास कार्यों का लोकार्पण और 24 कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। कुल मिलाकर 185 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से सड़कों, भवनों, पेयजल, शिक्षा, जलाशय और नगरीय अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की शुरुआत और लोकार्पण किया जाएगा।
इन विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय निकाय, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन विभाग सूरजपुर और महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय दुर्ग की महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी।
कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंच निर्माण, साज-सज्जा और अन्य व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं, ताकि कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सके।
सूरजपुर : कुदरगढ़ धाम में मुख्यमंत्री शनिवार को देंगे 185 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात





