नई दिल्ली, ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के अपने पहले मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान मिचेल मार्श ग्रोइन (जांघ के ऊपरी हिस्से) में चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती मैच से बाहर हो गए हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले से कुछ घंटे पहले यह जानकारी बयान जारी कर दी।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार मार्श को इस सप्ताह ट्रेनिंग सत्र के दौरान ग्रोइन पर सीधा प्रहार लगा था, जिसके बाद उन्हें लगातार दर्द और असहजता महसूस हो रही है।
बयान में कहा गया है कि स्कैन रिपोर्ट में आंतरिक टेस्टिकुलर ब्लीडिंग (अंडकोष में अंदरूनी रक्तस्राव) की पुष्टि हुई है। फिलहाल उनकी गतिविधियां सीमित हैं और उन्हें आराम व पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) की आवश्यकता होगी। उनकी मैदान पर वापसी पूरी तरह लक्षणों में सुधार और मेडिकल सलाह पर निर्भर करेगी।
हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक मार्श की वापसी को लेकर कोई निश्चित समयसीमा घोषित नहीं की है।
इस बीच चयनकर्ताओं ने स्टैंडबाय में शामिल अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को कवर के तौर पर श्रीलंका रवाना होने के लिए बुलाया है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे टीम के साथ जुड़ सकें और परिस्थितियों के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें।
टी-20 वर्ल्ड कप : चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया के पहले मैच से बाहर हुए मिचेल मार्श





